टनकपुर (चंपावत)। शारदा से खनिज निकासी की अनुमति न दिए जाने से खफा ट्रैक्टर मालिकों ने शनिवार से आंदोलन शुरू कर दिया है। ट्रैक्टर, ट्रॉली एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन सिंह समेत दो लोगों ने तहसील परिसर में आमरण अनशन शुरू किया है। उन्होंने ट्रैक्टर, ट्रॉलियों को खनिज निकासी की अनुमति मिलने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया है।
शारदा से खनिज निकासी शक्तिमान ट्रक, ट्रैक्टर ट्रॉली मालिकों में विवाद से उलझती नजर आ रही है। वन निगम ने छह नवंबर को निकासी गेट खोल दिए हैं, लेकिन नायकगोठ गेट पर दूसरा तौल कांटा न लगाने, निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने का आरोप लगाते हुए ट्रक मालिकों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त होने तक निकासी न करने का निर्णय लिया। प्रशासन ने ट्रक मालिकों का कुछ दिन इंतजार करने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉलियों समेत अन्य व्यावसायिक वाहनों से निकासी की अनुमति दी तो ट्रक मालिक, खनन कारोबारी भड़क उठे और फिर प्रशासन को अपना फैसला बदलते हुए सिर्फ शक्तिमान ट्रकों से ही निकासी की अनुमति जारी करनी पड़ी। प्रशासन के इस फैसले के विरोध में अब ट्रैक्टर मालिकों ने आंदोलन की राह पकड़ी है। शनिवार को तहसील पहुंचे ट्रैक्टर ट्रॉली एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन सिंह महर, कमल सिंह आमरण की घोषणा करते हुए अनशन शुरू कर दिया। उनके समर्थन में पवन पांडेय, अनुप गुप्ता, गोविंद सिंह देउपा, राम सिंह, छात्र संघ अध्यक्ष नरेश फिरमाल, उप सचिव शुभम प्रसाद, पूर्व छात्र संघ उप सचिव मो. हारुन, सुरेश सिंह महर, धीरज चंद, कमलेश चंद ने धरने पर बैठे।
एसोसिएशन अध्यक्ष समेत दो लोगों ने आमरण अनशन शुरू किया
खनिज निकासी की अनुमति देने की मांग
कहा, मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रखेंगे