टनकपुर/बनबसा (चंपावत)। शासन के निर्देश पर पेट्रोल पंपों और रसोई गैस सिलेंडरों में घटतौली को लेकर प्रशासन ने चेकिंग अभियान शुरू किया है। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसी गोदाम में चेकिंग की गई। एसडीएम अनिल चन्याल के नेतृत्व में हुई चेकिंग में सीओ आरएस रौतेला और पूर्ति निरीक्षक भगवत पाटनी शामिल थे।
एसडीएम ने बताया कि फिलहाल किसी भी पेट्रोल पंप में घटतौली नहीं पाई गई, लेकिन गैस एजेंसी में एक अगस्त से अब तक रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति न होने से गैस की किल्लत बनी है। उन्होंने बताया कि हल्दूचौड़ स्थित गैस आपूर्ति प्लांट के प्रभारी से फोन पर बात कर शीघ्र सिलेंडरों की आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, बनबसा में भी प्रशासन की टीम ने पेट्रोलपंप और दुकानों पर छापे मारे। बाट माप विभाग के साथ किए गए निरीक्षण के दौरान दो व्यापारियों के चालान किए गए। एसडीएम एके चन्याल ने बताया कि अब हर माह पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर सैंपल लिए जाएंगे। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है।