पाटी (चंपावत)।
नैनीताल और अल्मोड़ा जिले से लगे पाटी विकासखंड व तहसील का सबसे बड़ा अस्पताल बदहाली से निजात के लिए इंतजार कर रहा है। इस अस्पताल का भवन तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्तर का है, लेकिन इसका दर्जा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का है। चिकित्सा व्यवस्था के हाल इससे भी बदतर हैं। अस्पताल में न तो पैथोलोजी जांच की सुविधा है और न एक्सरे की। लोग इलाज के लिए यहां से 30 किमी दूर लोहाघाट की दौड़ लगाने को मजबूर हैं।
पाटी में सीएचसी का भवन करोड़ों की लागत से पांच साल पहले बनाया गया। सीएचसी का भवन बने पांच साल बीतने के बाद भी पीएचसी का दर्जा अपग्रेड नहीं हो सका है। इस अस्पताल में इलाज के लिए न तो पर्याप्त डॉक्टर हैं और नहीं अन्य जरूरी सुविधाएं। न इसे सीएचसी का दर्जा मिला और नहीं स्टाफ के पद स्वीकृत हुए। वर्तमान में इस अस्पताल में प्रभारी चिकित्साधिकारी के अलावा एक महिला डॉक्टर शैली सिंह हैं। स्टाफ नर्स की तैनाती भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत की हुई है। बड़ा भवन होने के बावजूद इस अस्पताल में चिकित्सा सुविधाएं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लायक भी नहीं है।
अस्पताल में लगी एक्सरे मशीन एक्सरे तकनीशियन न होने से पिछले एक साल से शोपीस बनी है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले साल यहां तैनात डार्क रूम तकनीशियन को चंपावत भेज दिया गया। तबसे इस अस्पताल में एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। मरीजों को इसके लिए लोहाघाट दौड़ना पड़ता है। कहने को इस अस्पताल में ईसीजी मशीन भी है, लेकिन इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमएस बोहरा का कहना है कि अस्पताल के उच्चीकरण का शासनादेश नहीं होने से पदों का सृजन नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर करने के प्रयास किए जाएंगे।
कोट..........
डार्क रूम तकनीशियन के जाने के बाद से अस्पताल में एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। एक्सरे तकनीशियन के पद की मांग की गई है। अस्पताल में संसाधनों की कमी के बावजूद बेहतर इलाज की पहल की गई है।
डॉ.आभाष सिंह प्रभारी चिकित्साधिकारी,
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पाटी।
हालात न सुधरे, तो करेंगे आंदोलन
पाटी के लोगों का कहना है कि अस्पताल में कायदे की व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्रवासियों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए उन्हें लंबी दूर तय करने के अलावा जेब भी ढीली करनी पड़ती है। पाटी व्यापार मंडल अध्यक्ष तेज सिह बिष्ट, हेल्प संगठन के अध्यक्ष सुरेंद्र लडवाल, देवीधूरा छात्रसंघ अध्यक्ष निखिलेश गहतोड़ी, सामजिक कार्यकर्ता सोबन मौनी, भाजयुमो ब्लाक अध्यक्ष दीपक जोशी आदि ने अस्पताल की व्यवस्था न सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।