बनबसा (चंपावत)। नो मैंस लैंड पर नेपाल की ओर से सड़क निर्माण कराने से पहले ही एसएसबी ने एतराज जताते हुए कार्य रुकवा दिया। सुरक्षा के तहत एसएसबी ने गश्त बढ़ा दी है। इस घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों एवं नेपाल प्रशासन को भी दी गई है।
बता दें कि नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय स्थिति गड्डा चौकी पिलर संख्या 805/1(7) के पास से जिमुवा तक करीब तीन किमी लंबा मार्ग निर्माण प्रस्तावित है। सड़क निर्माण भीमदत्त नगर पंचायत द्वारा कराया जाना है। बनबसा सीमा से लगी नो मैंस लैंड पर मंगलवार को मशीनों के साथ नेपाल की कार्यदायी संस्था के लोग पहुंचे और सड़क निर्माण के लिए मिट्टी डालने का प्रयास किया।
इस पर एसएसबी 57वीं वाहिनी ई कंपनी ने नो मैंस लैंड का हवाला देते हुए वहां पर सड़क निर्माण करने पर एतराज जताया। इस पर सड़क निर्माण को आए लोग वहां से चले गए। एसएसबी ई कंपनी के कमांडर आनंद सिंह भंडारी ने बताया कि उक्त घटना के बाद से वहां गश्त बढ़ा दी गई है। घटना से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है।