टनकपुर (चंपावत) में श्री पूर्णागिरि धाम के पुजारियों ने भैरव मंदिर में पार्किंग के शुल्क की वसूली बूम में किए जाने का विरोध किया है। उन्होंने शुल्क को पार्किंग स्थल से करीब 12 किमी पहले वसूला जाना नियम विरुद्ध बताया है। उन्होंने भैरव मंदिर पार्किंग शुल्क की वसूली बूम में बंद न किए जाने पर कोर्ट की शरण में जाने की चेतावनी दी है।
पूर्णागिरि मेला अवधि में मेले की आयोजक जिला पंचायत और प्रशासन ने इस बार बूम पार्किंग स्थल के साथ ही बूम में भी भैरव मंदिर पार्किंग शुल्क की वसूली की व्यवस्था की थी। पूरे मेला अवधि में पार्किंग की वसूली भी बूम में ही की गई। लेकिन मेला समाप्त होने के बाद भी भैरव मंदिर पार्किंग का शुल्क बूम में ही वसूले जाने से धाम के पुजारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। मंदिर समिति के पूर्व उपाध्यक्ष नेत्र बल्लभ तिवारी और पूर्व कोषाध्यक्ष नाथ पांडेय, हरीश पांडे, खीमानंद पांडेय, रेवाधर उपाध्याय, प्रेम बल्लभ पांडेय, लालमनी पांडेय, मथुरा दत्त पांडेय, नारायण पांडेय आदि का कहना है कि पार्किंग शुल्क बूम में वसूले जाने से ठूलीगाड़ तक अपने वाहन से आने वाले यात्रियों से भी भैरव मंदिर पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। इससे यात्रियों की जेब पर मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार शुल्क पार्किंग स्थल पर ही वसूला जाना चाहिए। पुजारियों ने कहा है कि यदि भैैरव मंदिर पार्किंग शुल्क की वसूली बूम में बंद नहीं की गई तो वे इसके खिलाफ न्यायालय की शरण में जाएंगे।