टनकपुर (चंपावत)। परिवर्तन एक नई सोच संस्था के तत्वावधान में शुक्रवार से दो दिनी चैत्र महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। मुख्य अतिथि एसडीएम अनिल चन्याल ने दीप जलाकर महोत्सव का शुभारंभ किया।
विजन पब्लिक स्कूल में आयोजित महोत्सव में पूरे कुमाऊं से चयनित बाल कलाकारों द्वारा गायन वादन एवं नृत्य कला प्रतियोगिता में हिस्सा लिया जा रहा है। पहले दिन बच्चों ने अपनी का कला का जादू बिखेरा। सौरभ पालिवाल ने जहां तबले पर अपनी अंगुलियों से शानदार धुन निकाली, वहीं प्राची खर्कवाल ने दमादम मस्त कलंदर गीत गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। इसके अलावा तन्वी यादव ने लग जा गले, कशिश डुंगरिया, माही शाह, खटीमा की तन्वी मेहता ने नृत्य कला का प्रदर्शन कर समां बांधा। आयोजक संस्था के अध्यक्ष नवलकिशोर तिवारी ने अतिथियों का स्वागत कर आभार जताया। महोत्सव के आयोजक मंडल में उपाध्यक्ष शम्मी कोहली, सचिव शैलेंद्र सिंह, अनिल पालीवाल आदि संस्था से जुड़े लोग शामिल हैं।