चंपावत। नगर के कई हिस्सों में पेयजल समस्या से लोग परेशान हैं। पेयजल योजनाओं के स्रोत में गिरावट आने से पेयजल आपूर्ति में दिक्कतें आ रही है। रविवार को तल्लीहाट, मल्लीहाट, कनलगांव, गोरलचौड़ मार्ग समेत तमाम मोहल्लों में लोग पेयजल के लिए परेशान रहे। पेयजल किल्लत को देखते हुए विभाग ने कई मोहल्लों में एक दिन छोड़ कर पानी देना शुरू कर दिया है।
जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता किशोर पंत ने बताया कि रौखेत, दुधारी, छीड़ापानी समेत तमाम पेयजल स्रोत में जल स्तर कम हो गया है। जिस वजह से अब एक दिन छोड़ कर पानी देना मजबूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में प्रतिदिन 1.62 एमएलडी पानी की जरूरत है। लेकिन पेयजल स्रोत में गिरावट आने से वर्तमान में जरूरत से आधा पानी उपलब्ध हो पा रहा है।