चंपावत। पेयजल उपभोक्ताओं को पानी के बिलों में राहत मिलने की उम्मीद जगी है। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र तिवारी ने पत्रकार वार्ता में इस बात का दावा किया है। कहा कि शासन से हुई वार्ता के बाद अब पेयजल उपभोक्ताआ पुरानी दरों पर पानी के बिलों का भुगतान कर सकेंगे।
अब उपभोक्ता पुरानी दरों पर पानी के बिलों का भुगतान कर सकेंगे। अप्रैल 2017 से पानी का बिल 135 रुपये मासिक से बढ़ कर 492 रुपये हो गया था। उधर जल संस्थान कार्यालय के मुताबिक पालिका द्वारा उपलब्ध कराए गए भवन मूल्यांकन के आधार पर अप्रैल 2017 से पानी के बिलों में बढ़ोत्तरी की गई थी। बहरहाल पानी के बिल में संशोधन होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
पालिका ने भवन मूल्यांकन की नई सूची विभाग को उपलब्ध कराई है। शासनादेश के तहत जल मूल्य के कई स्लैब निर्धारित किए गए हैं। 360 से 2000 रुपये के स्लैब में 135 रुपये मासिक जल मूल्य लिया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं ने बढ़े हुआ जल मूल्य जमा किया है, उसे समायोजित किया जाएगा।
- अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान।