चंपावत। जिले के नेपाल सीमा से लगे तरकुली गांव में लो-वोल्टेज के कारण ग्रामीणों को बिजली सुविधा का अहसास ही नहीं हो रहा है। लंबे समय से लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था की जानकारी दी।
पूर्व प्रधान तान सिंह के नेतृत्व में आए ग्रामीणों का कहना था कि सीमांत क्षेत्र के तरकुली, रियासीबमनगांव, बांस, आमड़ा, बरकूम आदि गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या है, जबकि विभाग की ओर से दिखाने के लिए यहां पर दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। लो-वोल्टेज के कारण ग्रामीणों को बिजली सुविधा का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। रात्रि में जब बिजली की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तब यहां लो-वोल्टेज के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों से जूझना पड़ता है। ग्रामीण जगत राम, पूर्व प्रधान पान सिंह, पूरन राम आदि का कहना था कि गांव के उस पार नेपाल के गांवों में बिजली से लेकर अन्य सुविधाएं हैं। इस संबंध में अवर अभियंता आरसी पंत का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए लो-वोल्टेज की समस्या को दूर करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सीमांत क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की बदहाली को लेकर ग्रामीण नाराज
पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को बताए क्षेत्र के हालात