टनकपुर (चंपावत)।
पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन के चुनाव में नया मोड़ आ गया है। उचौलीगोठ, गैंड़ाखाली व थ्वालखेड़ा के 32 टैक्सी मालिकों ने अलग यूनियन बनाते हुए चुनाव में शामिल न होने का ऐलान किया है। उन्होंने पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन के संरक्षक को सौंपे पत्र में कहा है कि उचौलीगोठ, गैंड़ाखाली व थ्वालखेड़ा के 32 टैक्सी मालिकों ने बाबा भैरो मंदिर ब्रह्मदेव टैक्सी यूनियन के नाम ने नई यूनियन का पंजीकरण कराया है।
बता दें के सात साल बाद आगामी 10 अगस्त को पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन के चुनाव होने हैं। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक टैक्सी मालिक जीत के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। इस बीच नई टैक्सी यूनियन के गठन से पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन को झटका लगा है। बाबा भैरो मंदिर ब्रह्मदेव टैक्सी यूनियन से जुड़े टैक्सी मालिकों ने संरक्षक को पत्र सौंप कर चुनाव में प्रतिभाग न करने व अपनी टैक्सीयों का संचालन अपनी यूनियन के माध्यम से करने की बात कही है।
पत्र में नवीन सिंह महर, दीवान सिंह महर, मान सिंह, पान सिंह, किशोर सिंह, लक्ष्मण सिंह, पप्पू सिंह, देवी दत्त, गणेश राम, तेज सिंह, जितेंद्र सिंह, सोबन सिंह, नरेश सिंह, मोहन सिंह आदि टैक्सी मालिकों के हस्ताक्षर हैं। पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन के संरक्षक लक्ष्मण सिंह पाटनी, करन सिंह सजवान, केएन पांडेय ने कहा है कि नई यूनियन को लेकर वार्ता की जा रही है। एसोसिएशन के चुनाव निर्धारित तिथि में ही होंगे।