चंपावत। बारिश बंद हुए दो दिन बीत गए हैं। चंपावत जिले में अभी भी आठ सड़कें बंद हैं। सड़क बंद होने से ग्रामीण मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। जिससे लोगों को जिला और ब्लाक मुख्यालय तक पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ रही है। जिला आपदा नियंत्रण अधिकारी मनोज पांडेय ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने की कवायद चल रही है। इधर लोक निर्माण विभाग भी बंद सड़कों को खोलने के लिए कमर कसे हुए है। लोनिवि के चंपावत डिवीजन के अधिशासी अभियंता डीडी भट्ट ने खुद जाकर कैन्यूड़ा-बड़पास मोटर मार्ग को खुलवाया। रीठा साहिब क्षेत्र के ग्रामीण मार्ग बंद होने से कुलियालगांव, रमक, बिनवालगांव के लोगों को दिक्कत हो रही है।
सड़क पर मलबा आने से प्रभावित हुई चार हजार की आबादी
लोहाघाट (चंपावत)। पिछले दिनों हुई भारी बारिश से विकासखंड बाराकोट में गल्लागांव-देवलमाफी सड़क पर भारी मलबा आने से सड़क कई जगह बुरी तरह ध्वस्त हो गई। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से करीब चार हजार की आबादी के लिए आवाजाही करना मुश्किल हो रहा है।
बैड़ाओड़ के ग्राम प्रधान बलदेव प्रसाद, योगेंद्र प्रसाद, विनोद कुमार, पूर्णानंद तिवारी, दीपक तिवारी और शेखर तिवारी ने बताया कि गल्लागांव-देवलमाफी मार्ग का तीन जगहों पर करीब 20-20 मीटर सड़क का हिस्सा टूट गया है। कई बार लोक निर्माण विभाग से मोटर मार्ग के किनारे स्कवर और नाली निर्माण की मांग की गई। विभाग द्वारा अनसुनी किए जाने से सड़क के हाल लगातार खराब हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द सड़क को ठीक करवाने की मांग की है। इधर लोनिवि के अभियंता चंद्रशेखर मुरारी का कहना है कि गल्लागांव-देवली माफी सड़क में वर्षा के कारण जिन स्थानों में मलबा आया था, उसे जेसीबी लगाकर खोल दिया है। तीन स्थानों में पूरी सड़क ही बह गई है। सड़क को जल्द यातायात योग्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल आवागमन के लिए इसे क्वारखोली-पड़ासोंसेरा मार्ग से जोड़ा गया है।
चंपावत जिले की बंद सड़कें
1.गल्लागांव-देवलमाफी मोटर मार्ग।
2.रीठाखाल-मनटांडे मोटर मार्ग।
3.टाकखंदक-करौली मोटर मार्ग।
4.गौड़ी-किमतोली मोटर मार्ग।
5.सिप्टी-सिमाड़ मोटर मार्ग
6.धौन-सल्ली मोटर मार्ग।
7.मंच-नीड़ मोटर मार्ग।
8.मडलक पांडेय-सिलपड़ मोटर मार्ग।