फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देरी से मिली 108, मरीज की मौत

Sat, 17 Sep 2016 10:39 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंपावत
विज्ञापन
आपातकालीन वाहन 108 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 आपात चिकित्सा सेवा 108 की देरी मरीज के लिए काल बन गई। पहले जिला अस्पताल से 108 के जरिए ले जाने में आनाकानी की गई। डॉक्टरों के हस्तक्षेप के बाद आपात सेवा के करीब दो घंटे देर से मिलने से मरीज को नहीं बचाया जा सका। एनएच पर यहां से करीब 39 किमी दूर बेलखेत के पास मरीज ने दम तोड़ दिया। इससे पहले इस साल 27 जून को भी आपात सेवा की देरी की वजह से हृदयरोग से पीड़ित एक महिला की रास्ते में मौत हो गई थी।
विज्ञापन


शनिवार सुबह नेपाल सीमा से लगे मुख्यालय से 51 किमी दूर तल्लादेश के तामली की यशोदा देवी (63) पत्नी प्रेमबल्लभ जोशी को अचानक चक्कर आया। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। इमरजेंसी में तैनात डा.हेमंत शर्मा ने बताया कि बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंची महिला का रक्तचाप बेहद बढ़ा था। इलाज से बीपी को तो कंट्रोल किया गया, लेकिन गंभीर स्थिति के मद्देनजर हल्द्वानी रेफर किया गया। मुख्य चिकित्साधीक्षक डा.आरके जोशी ने बताया कि महिला को कार्डियो वैस्क्युलर एक्सीडेंट (सीवीए) हो गया था। चक्कर आने के साथ बेहोशी और रक्तचाप बढ़ गया। सीटी स्कैन, एमआरआई और दूसरी जांचों की जरूरत के चलते जिला अस्पताल से रेफर किया गया, मगर रास्ते में महिला की मौत हो गई।


जाम हैं मुख्यालय की 108 के पहिये
 जिला मुख्यालय की आपात चिकित्सा सेवा 108 के पहिये शुक्रवार से जाम हैं। इस कारण बीते दो दिनों से आने वाली कॉल अटैंड नहीं हो पा रही है। शनिवार को भी यह आपात सेवा जिला अस्पताल परिसर में खड़ी थी। गंभीर हाल में अस्पताल आई महिला को जिला अस्पताल से रेफर करने पर भी वाहन उपलब्ध नहीं हो सका।
विज्ञापन


शनिवार अपरान्ह 12.10 बजे से आपात सेवा 108 को मरीज के तीमारदार ने कई बार फोन किया, लेकिन 108 सेवा ने कभी ईंधन की कमी और कभी टायर ठीक नहीं होने का हवाला देकर मरीज को ले जाने से असमर्थता जताई। मरीज का इलाज करने वाले डॉक्टर हेमंत शर्मा ने भी आपात सेवा को फोन कर मरीज की गंभीर स्थिति बताते हुए तुरंत आपात सेवा की जरूरत बताई।

इसके बावजूद सवा दो घंटे से अधिक देरी हुई। सीएमएस डा.आरके जोशी, इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डा.हेमंत शर्मा और 108 के राज्य समन्वयक मनीष टिंकू के हस्तक्षेप के बाद लोहाघाट से 108 सेवा लाई जा सकी।


चंपावत की आपात चिकित्सा सेवा 108 शुक्रवार से संचालित नहीं हो पा रही है। ईंधन की कमी और टायर ठीक नहीं होने से ये नौबत आई है। जल्द इस कमी को दूर कर इस 108 सेवा को सुचारु किया जाएगा। -प्रबोध ममगई, जिला प्रभारी, आपात सेवा 108, चंपावत।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें