चंपावत के छतार में खड़ी आपात चिकित्सा सेवा 108 वाहन व खुशियों की सवारी।
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत जिले की आपात चिकित्सा सेवा 108 और खुशियों की सवारी (केकेएस) लड़खड़ाने के कगार पर है। इन सेवाओं के चालकों और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) की कमी के चलते रविवार से लोहाघाट और पाटी की इन सेवाओं का संचालन रात में बंद हो गया है। ये सेवाएं सिर्फ दिन के वक्त ही संचालित होंगी।
चंपावत जिले में पांच 108 सेवाओं के लिए 12 चालक और 12 ईएमटी हैं। आपात चिकित्सक सेवा 108 के जिलाध्यक्ष गोविंद तिवारी ने बताया कि चालक और ईएमटी की कमी के चलते वाहनों का संचालन करना कठिन हो रहा है। कहा कि चालक के छुट्टी पर जाने से शनिवार को चंपावत में 108 वाहन को खड़ा करना पड़ा।
इसी तरह कार्मिकों की कमी से रविवार और सोमवार की रात पाटी और लोहाघाट की 108 सेवाएं खड़ी रहेंगी। 108 सेवा के जिला समन्वयक रजत उनियाल ने बताया कि लोहाघाट और पाटी की 108 सेवा का संचालन रविवार और सोमवार की रात बंद होने की सूचना मिली है। इस दौरान रीठा साहिब और चंपावत के वाहनों के जरिए वैकल्पिक व्यवस्था के प्रयास किए जाएंगे।
बता दें कि इस साल 31 मार्च को 108 सेवा को संचालित करने वाली संस्था इमरजेंसी मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (ईएमआरआई) के करार (एमओयू) की समयावधि पूरी हो गई है। इन सेवाओं के कर्मचारी अपनी बचे हुए अवकाश का उपयोग कर रहे हैं। इसके चलते कर्मियों की कमी हो गई है।