धूनाघाट में 108 एंबुलेंस में जन्मे नवजात के साथ ईएमटी महावीर अधिकारी।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। क्षेत्र में आपात चिकित्सा सेवा 108 एंबुलेंस गर्भवती महिला के लिए बड़ा सहारा बनी। पाटी ब्लॉक के एक दूरस्थ गांव की गर्भवती महिला ने इस एंबुलेंस में नवजात को जन्म दिया। बाद में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मां-शिशु दोनों स्वस्थ हैं।
लधिया घाटी के दूरस्थ गांव मछियाड़ की गर्भवती महिला लीलावती देवी(25) पत्नी कैलाश राम को एकाएक तेज दर्द होने पर 108 एंबुलेंस से रीठा साहिब के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्रसव में जटिलता के चलते महिला को 75 किमी दूर चंपावत जिला अस्पताल रेफर किया गया। 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाते वक्त धूनाघाट के पास गर्भवती महिला को फिर तेज दर्द हुआ। एंबुलेंस को किनारे लगाकर इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन महावीर अधिकारी और चालक रमेश बोहरा ने महिला का सफल प्रसव कराया। 108 एंबुलेंस सेवा के जिला प्रबंधक भास्कर शर्मा ने बताया कि इस साल अब तक एंबुलेंस में 15 प्रसव कराए जा चुके हैं।