चंपावत। जिला मुख्यालय में पूल्ड आवास के समीप स्थित तिलौन गांव में दिन दहाड़े तेंदुआ दिखने से दहशत बनी हुई है। बताया जाता है कि तेंदुआ अब तक आसपास के गांवों से कई मवेशियों और कुत्तों को अपना निशाना बना चुका है। तिलौन, लमाई, भरछाना, पूल्ड आवास आदि इलाकों में अब दिनदहाड़े तेंदुए के दिखने से छोटे-छोटे स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं।
तिलौन निवासी एसडी पांडेय, विमल पांडेय, सुरेश सिंह आदि ने बताया कि पूल्ड हाउस से लगी चीड़ की नर्सरी के आसपास इन दिनों अक्सर तेंदुआ घूमता हुआ लोगों को दिख रहा है। जिससे लोगों में दहशत बनी हुई है। तेंदुए के भय से जहां महिलाओं ने दिन में जंगल जाना छोड़ दिया है। वहीं लोग अकेले आवाजाही से बच रहे हैं। नागरिकों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग उठाई है। ब्यूरो
मौराड़ी में भी तेंदुए ने पांच बकरियों का मारा
चंपावत। जिले के मौराड़ी और बनलेख क्षेत्र में भी तेंदुए का आतंक बना हुआ है। मंगलवार को तेंदुए ने जंगल में घास चर रही ग्रामीणों की पांच बकरियों को मार दिया। जिससे पशुपालकों में तेंदुए का खौफ बना हुआ है।