लोहाघाट (चंपावत)। नामी लोक गायक पप्पू कार्की की स्मृति में कुमाऊंनी गायक-गायिकाओं की प्रतिभाओं को निखारने के मकसद से चांदनी इंटरप्राइजेज की ओर से दो दिवसीय गित्यार (गायन) खोज प्रतियोगिता शुरू हुई। शनिवार को निशुल्क ऑडीशन में जिलेभर के 20 गायक-गायिकाओं ने प्रस्तुतियां दीं। गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बैडमिंटन हॉल में प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक चांदनी इंटरप्राइजेज के संस्थापक और लोक गायक प्रहलाद सिंह माहरा की पहल पर आयोजित प्रतियोगिता में 20 गायकों ने पंजीकरण कराकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान सोनिया आर्या ने घुघुती न बासा आमा की डाई मां गीत प्रस्तुत कर समा बांध दिया। सौरभ कुमार ने मेरी सरूली, गुंजन ने खेतीखाना नरसिंह डांडा और सुमन कोहली ने तेरी याद सते मैके बौते, अजय कलखुड़िया ने सुन ले दगड़िया, पंकज ने दूर बड़ी दूर बरफीला डांडा आदि गीतों की प्रस्तुति दी।
रविवार को ये सभी गायक रामलीला मैदान में प्रदर्शन करेंगे जिसमें तीन विजेताओं को मेगा गायन प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। निर्णायक प्रकाश राय, गायक प्रहलाद सिंह माहरा, प्रदीप कुमार, भैरव राय थे। आयोजन में रामलीला कमेटी अध्यक्ष जीवन मेहता और सुरेश राजन ने सहयोग किया।