चंपावत। अपर सचिव पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय एस बोड़ा ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से राज्य में स्वच्छ, सुंदर शौचालयों की स्थिति, अवशेष शौचालयों का निर्माण, जीओ टैगिंग की समीक्षा की। उन्होंने स्वजल के परियोजना प्रबंधकों को निर्देश दिए कि जनवरी के अंत तक स्वच्छ, सुंदर शौचालय योजना में निर्मित शौचालयों के फोटोग्राफ पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर शौचालय निर्माण में द्वितीय किस्त तभी जारी की जाएगी जब जिलों से व्यय की गई धनराशि, निर्मित शौचालयों की संख्या और उनको पोर्टल में अपलोड कर रिपोर्ट मंत्रालय को प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि शौचालय विहीन परिवारों के शौचालय बनाने के बाद ही विद्यालयों अन्य संस्थाओं को शौचालय के लिए धनराशि आवंटित करें।
डीएम रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि स्वच्छ सुंदर शौचालय अभियान के तहत 22 जनवरी तक 10 ग्राम पंचायतों में 43 शौचालयों में दीवार पेंटिंग और लेखन का कार्य कर फोटो पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं। परियोजना प्रबंधक स्वजल एचजी भट्ट ने बताया कि विश्व बैंक सहायता कोष के तहत 130 लाभार्थियों के अतिरिक्त सोख्ता पिट और शौचालय जीर्णोद्धार आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वीडियो कांफ्रेसिंग में एडीएम टीएस मर्तोलिया, परियोजना निदेशक डीआरडीए एचजी भट्ट, स्वजल के धीरज जोशी आदि थे।