चंपावत। जिले के सीमांत सौराई ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सड़क की सुविधा नहीं मिलने पर आगामी लोकसभा और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है।
सौराई पंचायत घर में हुई ग्रामीणों की बैठक में वक्ताओं का कहना था कि आजादी के 71 साल हो जाने के बाद भी सीमांत का सौराई गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है।
2014-15 में सौराई के लिए रोड निर्माण की स्वीकृति मिली थी, सर्वे और पिलरों को लगाने का कार्य पूरा कराया जा चुका है, लेकिन तीन साल बाद भी रोड का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तीन माह के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण सरकार की ओर से चलाई जा रही किसी भी योजना में भाग नहीं लेंगे और चुनावों का बहिष्कार करेंगे। बैठक के बाद डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
ग्राम प्रधान धारू देवी की अध्यक्षता और उप प्रधान दान सिंह बोहरा के संचालन में हुई बैठक में बीडीसी सदस्य कैलाश बोहरा, सरपंच चतुर सिंह, चंचल सिंह, प्रीतम सिंह, लक्ष्मण सिंह, दीवान सिंह, राजेंद्र सिंह, गुमान सिंह, कमल सिंह, कृष्णानंद, पुष्कर सिंह, सुंदर सिंह, विनोद सिंह, नारायण सिंह, प्रेम सिंह, बची सिंह, टेहर सिंह सहित तमाम ग्रामीण शामिल रहे।