चंपावत। सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित प्राथमिक विद्यालय उदाली में प्रधानाध्यापक के एक माह से स्कूल नहीं आ रहे हैं। विद्यालय में पठन पाठन का कार्य शिक्षा मित्र भरोसे चल रहा है। इससे स्कूल में पठन पाठन कार्य प्रभावित होने के साथ ही मध्याह्न भोजन योजना की सुचारु व्यवस्था भी नहीं हो पा रही है। अभिभावकों इस मामले को क्षेत्रीय विधायक के समक्ष रखकर कार्रवाई की मांग की है। विधायक कैलाश गहतोड़ी ने जिला शिक्षाधिकारी बेसिक को बच्चों के भविष्य को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा है।
अभिभावक नंदन सिंह, नाथ सिंह, जगत सिंह, होशियार सिंह, उमेद सिंह, कल्याण सिंह, सुनीता देवी, जीवंती देवी, यमुना देवी, शंकर सिंह, पार्वती देवी, शंकर सिंह आदि ने क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी को बताया कि इस विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक के विगत एक माह से स्कूल नहीं आ रहे हैं। इसके चलते स्कूल में गत वर्ष के गणवेश वितरण का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। जबकि स्कूल में नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है।
अभिभावकों ने संबंधित प्रधानाध्यापक का स्थानांतरण अन्यत्र किए जाने और स्कूल में नई तैनाती किए जाने की मांग उठाई है। जिला शिक्षाधिकारी बेसिक सत्यनारायण का कहना है कि अभिभावकों की शिकायतों की जांच की जाएगी और उसके बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।