लोहाघाट (चंपावत)। नगर पंचायत की पहल पर नगर क्षेत्र अब तीसरी आंख में निगरानी में होगा। जिसके लिए 10 स्थानों में सीसीटीवी लगा दिए गए हैं। जिनका ट्रायल शुरू हो गया है। इन सीसीटीवी का कंट्रोल रूम लोहाघाट थाने में बनाया गया है। लोकेशन सैट होने के बाद इसका विधिवत शुभारंभ हो जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष लता वर्मा और विधायक प्रतिनिधि गोविंद वर्मा ने बताया कि नगर पंचायत और विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने नगर क्षेत्र में सीसीटीवी लगाने के लिए पांच-पांच लाख रुपये दिए गए हैं। इससे नगर क्षेत्र के मुख्य 10 स्थानों में सीसीटीवी लगाए जा चुके हैं। इनमें एक सीसीटीवी थाने के कंट्रोल रूम में भी लगाया गया है। स्टेशन बाजार में कालू सिंह माहरा चौक में दो सीसीटीवी लगाए गए हैं। बाकी को शहर विभिन्न जगहों पर लगाया गया है। थाना प्रभारी बीएस बृजवाल ने बताया कि नगर क्षेत्र में सीसीटीवी लगने से अपराधों में अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।