केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत 26 जनवरी से चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से सहस्त्रधारा हेलीपैड देहरादून के लिए हेली सेवा शुरू होने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार को उत्तराखंड नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (यूकाडा) की टीम ने चिन्यालीसौड़ और गौचर पहुंच कर हवाई पट्टी पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत हेली सेवा का शुभारंभ कर सकते हैं।
उड़ान योजना के तहत देश के दूरस्थ क्षेत्रों को सस्ती हवाई यातायात सेवा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत लंबे समय से चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी से सहस्त्रधारा देहरादून के बीच भी हेली सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर से चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंची यूकाडा की टीम ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम में शामिल अधिकारियों ने हवाई पट्टी, कंट्रोल रूम, यात्री विश्राम कक्ष आदि के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निर्माण एजेंसी के अधिकारी घनश्याम सिंह ने बताया कि यूकाडा की कैप्टन समीर के नेतृत्व वाली टीम तैयारियों के निरीक्षण के लिए आई थी। उम्मीद है कि जल्द ही चिन्यालीसौड़ से हेली सेवा का शुभारंभ किया जाएगा।
गौचर। यूकाडा के हेड कर्नल समीर के नेतृत्व में हेलीकॉप्टर से यहां पहुंची पांच सदस्यीय टीम ने गौचर हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। करीब 45 मिनट तक यहां रुकने के बाद टीम ने तहसील प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि मौसम ठीक रहा तो 26 जनवरी से इस योजना के शुरू होने की उम्मीद है। नागरिक उड्डयन एवं पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि मुख्यमंत्री योजना का शुभारंभ करेंगे।