महाविद्यालय प्रशासन और बीकेटीसी ने शिक्षकों के लिए भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। श्री बदरीश कीर्ति संस्कृत महाविद्यालय डिम्मर में योगा डिप्लोमा, कर्मकांड और योगाचार्य विषयों को मान्यता मिल गई है। शासन ने विगत 22 अगस्त को इन विषयों को मंजूरी दी है जिससे छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। महाविद्यालय प्रशासन और बीकेटीसी ने शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शासन को पत्र भेजा है।
महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 1910 में श्री बदरीनाथ धाम के डिमरी पुजारियों ने संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की थी। विगत सात वर्ष पूर्व तत्कालीन प्रबंध समिति ने विद्यालय का हस्तांतरण बीकेटीसी को कर दिया था। बीकेटीसी को हस्तांतरित होने के बाद कार्यदायी संस्था और संस्कृत शिक्षा निदेशालय छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। प्राचार्य माता राम पुरोहित ने बताया कि संस्कृत शिक्षा निदेशालय ने विद्यालय में तीन नए विषयों को मान्यता दी है। वहीं बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि तीन नए पदों की मान्यता मिलने के बाद अध्यापकों की तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
इंसेट
25 छात्रों ने लिया प्रवेश
योगा डिप्लोमा में दस, कर्मकांड में पांच और योगाचार्य विषय में दस नए छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। प्राचार्य माता राम पुरोहित ने बताया कि फिलहाल वे अपने संसाधनों से इन विषयों में कार्यरत दो शिक्षकों को मानदेय दे रहे हैं।