22 पोर्टरों की मदद से दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से निकाला गया मलबा
जांच के लिए वाहन से ले गई कंपनी
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ से लौटते समय पांडुकेश्वर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलिकॉप्टर का मलबा कंपनी ने दो दिन तक चले अभियान के बाद ज्योतिर्मठ पहुंचा दिया है। यहां से मलबे को वाहनों के जरिये आगे की जांच के लिए कंपनी अपने साथ ले गई है।
बीते 30 अक्तूबर को पांडुकेश्वर के सामने ट्रांस भारत कंपनी का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार पांच यात्रियों और पायलट की मौत हो गई थी। दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण मलबा निकालना चुनौतीपूर्ण बना हुआ था। इससे पहले कंपनी की जांच टीम भी मौके तक नहीं पहुंच पाई थी और आधे रास्ते से लौट गई थी। इसके बाद कैप्टन जितेंद्र हरजाई के नेतृत्व में रिकवरी टीम ने ट्रांस भारत के रेख सिंह गुर्जर के साथ मलबा निकालने का अभियान शुरू किया। 22 पोर्टरों की मदद से दो दिन तक चले अभियान में अधिक से अधिक मलबा नीचे लाने का प्रयास किया गया ताकि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा सके।
अभियान में एडवेंचर एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसाइटी चमोली के अध्यक्ष विवेक पंवार और संतोष कुंवर ने स्थानीय स्तर पर सहयोग किया। वहीं 22 पोर्टरों का नेतृत्व करने और गाइड की भूमिका निभाने में जयदीप भट्ट और मयंक डिमरी ने मदद की। टीम मंगलवार को रवाना हुई और रास्ते में रात्रि विश्राम किया। बुधवार सुबह वह दुर्घटनास्थल पहुंचे और बृहस्पतिवार देर शाम तक अभियान चलाते हुए मलबा नीचे पहुंचा दिया गया। इसके बाद कंपनी ने मलबे को वाहनों से ज्योतिर्मठ से आगे भेज दिया।