विश्व स्तरीय सरेंडिपिटी कला उत्सव में सलूड़-डुंग्रा की टीम ने किया प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। पणजी (गोवा) में विश्व स्तरीय सरेंडिपिटी कला उत्सव में विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण का शानदार मंचन किया गया। नृत्यांगना पद्मश्री गीता चंद्रन ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
गोवा के पणजी में कला अकादमी के सभागार में सरेंडिपिटी आर्ट फाउंडेशन की ओर से विश्व स्तरीय कला उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण के मंचन के लिए ज्योतिर्मठ के सलूड़-डुंग्रा की 30 सदस्यीय टीम भी गोवा पहुंची। टीम का नेतृत्व कर रहे रम्माण के संयोजक डॉ. कुशल भंडार ने दूरभाष पर बताया कि 14 दिसंबर की शाम को कला अकादमी के प्रांगण में सैकड़ों कला प्रेमी, शोधकर्ताओं व छायाकारों की उपस्थिति में रम्माण का मंचन किया गया। सभी ने कार्यक्रम की खूब सराहना की। आयोजकों ने कलाकारों को सम्मानित किया। दल में मुख्य रूप से शरत सिंह बंगारी अध्यक्ष, भगत सिंह, दिनेश सिंह, देवेंद्र सिंह, भरत सिंह, दिलबर सिंह और प्रदीप बिष्ट आदि मौजूद रहे।