एचसीसी के गेट के बाहर किया प्रदर्शन, एसडीएम को ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ/पीपलकोटी। चार माह से वेतन न मिलने से आक्रोशित विष्णुगाड़ पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की कार्यदायी संस्था एचसीसी के मजदूरों ने कार्यबहिष्कार किया। साथ ही एचसीसी (हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी) के गेट के बाहर प्रदर्शन भी किया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन भेजकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि वे एचसीसी कंपनी के ठेकेदार के साथ दस वर्ष से कार्य कर रहे हैं लेकिन समय पर उनके वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है। पीएफ भी नहीं दिया जा रहा है। अब पिछले चार माह से वेतन नहीं दिया है। इससे गुस्साए मजदूरों ने कार्यबहिष्कार करते हुए कार्यस्थल के पास नारेबाजी की। कहा कि समय पर धनराशि नहीं मिलने से उन्हें घर का खर्चा चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन देने वालों में अरविंद सिंह, राकेश सिंह, विक्रम सिंह, मुकेश कुमार, विनोद कुमार, पवन सहित अन्य मजदूर शामिल रहे। संवाद