-कर्णप्रयाग नगर पालिका में हुआ मामला उजागर, अब 36 कामों की होगी जांच
कर्णप्रयाग। पालिका के सुभाषनगर वार्ड के राड़खी में निविदा से पूर्व विकास कार्य शुरू किए जाने के मामले मेंं पालिका ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। इसके लिए चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित करते हुए जल्द जांच रिपोर्ट तैयार करने के कहा गयाहै। अब पालिका सभी 36 निविदाओं की जांच करने की बात कह रही है।
पालिका प्रशासन की ओर से बीते माह नगर के विभिन्न वार्डों में 36 विकास कार्यों की निविदा जारी की गई। इनके लिए निविदा बीते शुक्रवार को डाली गई। इस दौरान शिकायत मिलने पर पालिकाध्यक्ष, ईओ ने सुभाषनगर के राड़खी में किए निरीक्षण में पाया कि विकास योजना की निविदा खुलने से पहले ही योजना पर ठेकेदार की ओर से 60 प्रतिशत कार्य कर दिया गया है। मामला खुलने पर पालिकाध्यक्ष ने जांच की बात कही। इस पर अधिशासी अधिकारी ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। अधिशासी अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पालिका के अवर अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, कर निरीक्षक और सिंचाई विभाग के अवर अभियंता की चार सदस्यीय कमेटी बना दी गई है। यह समिति आमंत्रित की गई निविदाओं के सभी 36 कामों का स्थलीय निरीक्षण करेगी।
इंसेट के लिए-
सलेक्शन के खेल में टेंडर प्रक्रिया हो रही फेल
पालिका सहित कई विभाग में सलेक्शन का खेल चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक सलेक्शन पर चहेते ठेकेदारों को काम दिया जाता है। ऐसे में जहां टेंडर प्रक्रिया से विभाग की राजस्व की हानि होती है। वहीं निर्माण कार्य में पारदर्शिता नहीं रहती। पालिका में बीते माह करीब पौने तीन करोड़ के 36 योजनाओं की निविदाएं आमंत्रित की गई। लेकिन दो बार इन निविदाओं के आवेदन ही नहीं बिक पाए। जिसके चलते तीसरी बार इनके टेंडर हुए। लेकिन अभी टेंडर नहीं खुले की पहले की एक योजना पर 60 प्रतिशत काम होना पकड़ में आ गया। ऐसे में पूरी प्रणाली ही सवालों के दायरे में आ गई है।