जिला परियोजना प्रबंधक इकाई स्वजल चमोली के कर्मियों को बीते मार्च महीने से वेतन नहीं मिला है। जिसके चलते कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। बृहस्पतिवार से शुरू हुआ कर्मियों का कार्य बहिष्कार शुक्रवार को भी जारी रहा। स्वजल कर्मी लक्ष्मण सिंह राणा, संजय पंत, संतोष खनेड़ा, मनीष कुमार, कुलदीप आदि का कहना है कि जब तक वेतन का भुगतान नहीं होता वह कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे। उनका कहना है कि मार्च महीने से वेतन न मिलने के बावजूद वह कोविड के दौर में काम करते रहे। लेकिन वेतन नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई है। उन्होंने सरकार और विभाग से जल्द से जल्द वेतन दिलाने की मांग की है।