कोटद्वार/कर्णप्रयाग/लैंसडौन/चिन्यालीसौड़। लॉकडाउन के दौरान नवरात्र के अवसर पर महिलाओं ने एकत्र होकर बैंड बाजे के साथ यात्रा निकाली। इसका वीडियो वायरल होते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन कोई नहीं मिला। पुलिस ने जांच की तो धारा 144 के उल्लंघन में अज्ञात 20 महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं कर्णप्रयाग में लॉकडाउन का उल्लंघन करने तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया जबकि कोटद्वार में 40 वाहन सीज कर चालान किए गए।
कोटद्वार कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि सोमवार को जौनपुर-डिग्री कॉलेज रोड पर बिना इजाजत नवरात्र पर जुलूस निकालकर कई महिलाएं बैंड बाजों के साथ सड़क पर उतर आई थीं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजकर इसकी जांच कराई गई। इसके तहत लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर अज्ञात करीब 20 महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने लोगों से लॉकडाउन के तहत बिना इजाजत झुंड में सड़कों पर नहीं उतरने की अपील की।
वहीं थाना पुलिस कर्णप्रयाग ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया। एसएचओ गिरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि तीनों युवकों को धारा 188/269 के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपी नशे के आदी हैं। वहीं कोटद्वार में पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 40 दोपहिया वाहनों को सीज कर, 40 लोगों का चालान किया। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने कहा कि भविष्य में वाहनों के चालान की अपेक्षा सीधे सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। लैंसडौन में पुलिस ने बेवजह घूमने वालों की क्लास लगाई और उन्हें घर भेज दिया। वहीं छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी भूपति रोहित व नायब तहसीलदार हरीश जोशी ने पुलिस टीम के साथ बाजार व अन्य कई इलाकों का निरीक्षण किया।
निर्माण कार्य कराने पर दो पर मुकदमा
चिन्यालीसौड़। धरासू थाना पुलिस ने मजदूरों से अपने घरों का निर्माण कार्य करा रहे दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान किया। थानाध्यक्ष धरासू विनोद थपलियाल ने बताया कि सूलीठांग एवं बनचौरा रोड बड़ेथी में निजी भवनों का निर्माण कार्य होते मिला, जहां बड़ी संख्या में मजदूर कार्य कर रहे थे। सूलीठांग निवासी विजय पंवार तथा बनचौरा रोड बड़ेथी निवासी राकेश पंवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान किया।