ब्लाक मुुख्यालय पर संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान को बंद करने की मांग को लेकर महिलाओं का आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। ब्लाक प्रमुख उर्मिला बिष्ट ने सीएम को ज्ञापन भेजकर देवाल को शराब मुक्त बनाने की अपील की।
महिलाएं दिन-रात अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर टेंट लगाकर धरना दे रही हैं। सोमवार को यहां महिलाओं ने शराब की दुकान में तालाबंदी कर दी थी जो मंगलवार को भी जारी रही। दुकान पर आ रहे पुरुषों को महिलाएं कंडाली लगाकर भगा रही हैं।
संघर्ष समिति ने अंग्रेजी शराब की दुकान के मकान मालिक को एक सप्ताह में दुकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया। धरने पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष हीरा देवी पांगती, उपाध्यक्ष हिमांती बिष्ट, कोषाध्यक्ष कमला राणा, सचिव कलावती परिहार, भगवती मिश्रा, सवाड़ की ममंद की अध्यक्ष बसंती बिष्ट, कुसुमा देवी, तारा, महेशी, माया, मोहनी, रेबती, नंदी व लौसरी की ममद की अध्यक्ष बसंती देवी, लक्ष्मी देवी, गीता आदि बैठे।