ग्रामीण व वन विभाग ने चलाया सर्च अभियान, देर रात तक नहीं चला पता
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी (चमोली)। ब्लॉक के एक गांव में घास लेने जंगल गई महिला लापता हो गई है। ग्रामीणों और वन विभाग ने जंगल में सर्च अभियान चलाया लेकिन देर रात तक महिला का कुछ पता नहीं चल पाया है। महिला के लापता होने में भालू के हमले की आशंका जताई जा रही है।
ब्लॉक के पाव गांव निवासी रामेश्वरी देवी (42) पत्नी अनिल बुधवार सुबह घास लेने के लिए गांव के पास ही जंगल गई थी। अपराह्न तक महिला के नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने जंगल में उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीण दीपक भंडारी और मनोज भंडारी ने बताया कि जंगल के रास्ते में रामेश्वरी की दरांती, परांदा, रस्सी एक ही जगह पर पड़ी मिली है। भालू या गुलदार के हमले की आशंका व्यक्त की जा रही है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया गया। मौके पहुंचे वन दरोगा आनंद सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया भालू का हमला लग रहा। टीम अभी जंगल में महिला की तलाश कर रही है। अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान बंद कर दिया गया है। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम ने ग्रामीणों के साथ सर्च अभियान चलाया। बृहस्पतिवार को सुबह फिर से अभियान चलाया जाएगा।