पीपलकोटी। निजमुला घाटी के एक गांव में जंगल में घास लेने गई महिला के सिर पर बोल्डर आ गिरा और उसकी मौत हो गई।
ग्राम पंचायत गौणा के भनाली तोक की बूदली देवी (57) पत्नी सुजान सिंह अन्य महिलाओं के साथ घास लेने जंगल गई थीं। गांव से करीब 500 मीटर की दूरी पर भौंधार तोक में घास काटते वक्त अचानक चट्टान से बोल्डर छिटककर बूदली देवी के सिर पर गिरा जिससे वह जमीन पर गिर गईं। अन्य महिलाओं ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने घटना की जानकारी राजस्व पुलिस और चमोली थाना पुलिस को दी। चौकी प्रभारी नंदप्रयाग पूनम खत्री ने बताया कि पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया था। महिला के सिर पर गहरी चोटें आई थीं। ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने उपजिलाधिकारी चमोली से प्रभावित परिवार को आपदा मद से मुआवजा देने की मांग उठाई। संवाद