केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह को स्वर्ण मंडित करने का बदरीनाथ के धर्माधिकारी सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप बताया।
बदरीनाथ के धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने कहा कि सोना चढ़ाया जाना और मंदिर के गर्भगृह को स्वर्ण मंडित करना धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप है। काशी विश्वनाथ ज्योर्तिलिंग सोमनाथ में भी गर्भगृह को स्वर्ण मंडित किया गया है। वहीं बदरीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष विनोद डिमरी का कहना है कि दानीदाता की ओ रसे केदारनाथ में सोना चढ़ाया जाना सराहनीय है। उन्होंने तीर्थ पुरोहित समाज से अपील की है कि इस कार्य में मंदिर समिति का साथ दें। वहीं बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति कर्मचारी कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष बाबा उदय सिंह रावत ने भी इसका समर्थन किया। व्यापार सभा बदरीनाथ के अध्यक्ष विनोद नवानी ने इसके विरोध को औचित्यहीन बताया। मंदिरों में दानीदाताओं की ओर से सोना, चांदी अर्पित किया जाता रहा है। वहीं पांडुकेश्वर-बदरीनाथ धाम के हकहकूकधारियों ने भी कहा कि इसका विरोध उचित नहीं है।