बंड संगठन ने किया भवन निर्माण का विरोध, आंदोलन की दी चेतावनी
कहा-सेमलडाला मैदान में भवन बनने से खेल गतिविधियां होंगी प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी। बंड क्षेत्र के लोगों ने सेमलडाला मैदान की भूमि को पिटकुल को देने का विरोध किया। साथ ही यहां निर्मित पिटकुल के भवन निर्माण को भी तत्काल रोकने की मांग उठाई। लोगों ने कहा यदि जबरदस्ती पिटकुल की ओर से यहां भवन निर्माण किया गया तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
मंगलवार को पीपलकोटी में बंड विकास संगठन की बैठक हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों के साथ ही पिटकुल के अधिकारी शामिल रहे। बंड संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सेमलडाला मैदान क्षेत्र का एकमात्र खेल मैदान है। बंड मेले का आयोजन भी इसी मैदान में किया जाता है। बीते कई वर्षों से पिटकुल इस मैदान के एक हिस्से पर अपना कार्यालय निर्माण करने की योजना बना रहा है। अब विभाग की ओर से यहां भवन निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। इसका विरोध किया जाएगा। कहा कि यदि पिटकुल को भवन निर्माण करना ही है तो मैदान के समीप बदरीनाथ हाईवे के निचले हिस्से में किया जा सकता है। संगठन के महामंत्री हरीश पुरोहित, संरक्षक शंभू प्रसाद सती व अतुल शाह ने कहा कि पिटकुल के भवन निर्माण होने से खेल गतिविधियां प्रभावित होंगी। मैदान के समीप कोई निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राणा, राकेश नवानी, अनिल जोशी, अंकित रावत, ताजवर सिंह नेगी, अव्वल सिंह नेगी, नरेंद्र पोखरियाल, सोहन कुमार और मुकेश रावत आदि मौजूद रहे।