बारिश से नगर की पेयजल आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। बृहस्पतिवार देर रात को हुई बारिश के कारण शुक्रवार को नगर के कई मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई।
उपभोक्ता पेयजल के लिए भटकने को मजबूर हैं। जल संस्थान की लापरवाह कार्यप्रणाली को देखते हुए उपभोक्ताओं ने स्वयं ही पेयजल लाइनों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है।
नगर में पेयजल की सुचारु आपूर्ति के लिए जल संस्थान ने तीन पेयजल योजनाओं का निर्माण किया है, लेकिन योजना के स्रोत पर पुख्ता इंतजाम न होने के चलते हल्की बारिश में भी यहां लाइनों में मलबा और कूड़ा अटकने से पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है।
जल संस्थान की लचर कार्य प्रणाली के चलते नगर में पेयजल की सुचारु नहीं हो पा रही है, जिसके चलते उपभोक्ताओं ने स्वयं ही पेयजल लाइनों की सफाई शुरू कर दी।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता जेपी जोशी का कहना है पेयजल लाइनों का सुधारीकरण किया जा रहा है। स्रोतों पर मलबा आ जाने से आपूर्ति बाधित हो रही है।