2020 में लगाई मोटर पंपिंग योजना हो चुकी फेल, ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से की सिंचाई नहर निर्माण की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नंदाकिनी नदी के किनारे पर बसे होने के बावजूद भी मंगरोली गांव के ग्रामीण अपने खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। 2013 की आपदा में मंगरोली सिंचाई नहर करीब 400 मीटर तक बह गई थी, तब से आज तक नहर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। बीते 10 वर्षों से अब तक ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं। पानी नहीं होने से खेत सूख चुके हैं।
वर्ष 2020 में नगर पंचायत नंदप्रयाग की ओर से गांव में मोटर पंपिंग योजना शुरू की गई, लेकिन इससे भी खेतों में पानी नहीं पहुंचाया जा सका। योजना शुरू होते ही ठप पड़ गई थी। मंगरोली गांव में लगभग 70 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों की आजीविका का मुख्य साधन कृषि है। मंगरोली गांव के पूर्व प्रधान तेजवीर कंडेरी का कहना है कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद भी नहर का निर्माण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई न होने से खेत सूखे पड़ रहे हैं। उन्होंने शीघ्र नहर की मरम्मत करने की मांग उठाई है। ग्रामीण मंगल सिंह ने बताया कि सिंचाई की व्यवस्था न होने से कई ग्रामीण खेतीबाड़ी से विमुख हो रहे हैं।
इधर, सिंचाई विभाग के ईई अनूप कुमार ड्यूंडी का कहना है कि संबंधित सहायक अभियंता से मंगरोली सिंचाई नहर की प्रगति रिपोर्ट मांगी जाएगी। गांव में सिंचाई नहर की मरम्मत की जाएगी।