पर्वतारोहण स्कीइंग संस्थान औली की ओर से औली में आयोजित तीन दिवसीय सप्तम अंतर सीमांत स्कीइंग प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के नोर्डिक में विनोद रावत और अल्पाइन में पुष्कर सिंह के बेहतर प्रदर्शन पर उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में आईटीबीपी के पांच परिक्षेत्र की टीमों ने प्रतिभाग किया। आईटीबीपी की उत्तर पूर्व सीमांत टीम पांच गोल्ड, दो सिल्वर और एक कांस्य पदक हासिल कर प्रथम स्थान पर रही। जबकि उत्तरी सीमांत टीम ने एक गोल्ड, एक सिल्वर व दो कांस्य पदक जीतकर द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रशिक्षण परिक्षेत्र की टीम ने तीन सिल्वर व दो कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान पाया। पर्वतारोहण स्कीइंग संस्थान के प्रधानाचार्य गंभीर सिंह रावत ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. महेंद्र कुमार, उप सेनानी नितेश शर्मा, सहायक सेनानी नरेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद थे।