निर्माणाधीन लंगासू-सिलंगी मार्ग से मल्ला निवाड़ी गांव को जोड़ने की मांग को लेकर मल्ला के ग्रामीणों ने अन्य जगह पर चल रहा सड़क का काम रोक दिया। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में कई परिवार रहते हैं और सर्वे के बाद भी लोनिवि उनके गांव को सड़क से नहीं जोड़ रहा है। ग्रामीण जेसीबी पर चढ़ गए और सड़क का काम नहीं होने दिया।
लंगासू बाजार में चंडिका देवी मंदिर के पास से निवाड़ी, खेत, सिलंगी आदि गांवों को यातायात से जोड़ने के लिए इन दिनों लोनिवि गौचर की ओर से सड़क कटिंग का काम चल रहा है। मल्ला निवाड़ी गांव के लोगों को जब इसकी सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे और सड़क का काम रोक दिया। ग्रामीण जेसीबी पर चढ़ गए और काम नहीं होने दिया। ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों के सामने अपनी मांग रखी। जयकृत सिंह, मंजू, सुभाष, अजय, दरवान सिंह आदि ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद भी उनके क्षेत्र तक सड़क नहीं पहुंची है। ग्रामीणों को कई किमी पैदल दूरी तय कर गंतव्य को जाना पड़ रहा है। बारिश के दौरान आवाजाही में बहुत दिक्क्त आती है। अगर कार्यदायी संस्था ने उनकी मांगों को नहीं माना तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं कर्णप्रयाग के एसडीएम वैभव गुप्ता ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को सुना जाएगा और लोनिवि के अधिकारियों को मौके पर भेजकर उनसे रिपोर्ट मंगाई जाएगी।