बदरीनाथ हाईवे पर बिरही गांव में हॉटमिक्स प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को प्रशासन की टीम जब मौके पर पहुंची तो अधिकारियों को ग्रामीणों का गुस्सा झेलना पड़ा।
ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए कहा कि प्लांट के संचालन से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं गांव का चरागाह भी नष्ट हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र प्लांट को हटाने की मांग की। कहा यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बिरही में हॉटमिक्स प्लांट के विरोध में चल रहे ग्रामीणों के आंदोलन को देखते हुए सोमवार को एसडीएम रामजी शरण के नेतृत्व में प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम के यहां पहुंचते ही ग्रामीणों ने प्रशासन के अधिकारियों का विरोध शुरू कर दिया।
कहा गया कि पूर्व में भी दो बार प्रशासन काम खत्म होने के बाद प्लांट हटाने की बात कह चुका है लेकिन वर्तमान तक प्लांट नहीं हटाया गया। अब दोबारा प्लांट शुरू किया जा रहा है। आधे घंटे तक मौके पर ग्रामीणों और एसडीएम के बीच वार्ता हुई लेकिन ग्रामीण प्लांट हटाने की मांग पर अड़े रहे।
इसके बाद प्रशासन की टीम को लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा यदि प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की मांग के विपरीत प्लांट शुरू करवाया जाता है तो ग्रामीण उग्र आंदोलन शुरू कर देंगे। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुनैना पुरोहित, मंजू देवी, रणवीर सिंह, मंजू देवी, गौरी देवी, गौर सिंह, श्यामा देवी, गोविंद सिंह, सावित्री देवी, गुड्डी देवी और खीमा देवी आदि मौजूद थे।