पोखरी-हापला-कलसिर मोटर मार्ग पड़ा क्षतिग्रस्त। ग्रामीण पैदल कर रहे आवाजाही।
- फोटो : Amar Ujala
एडीबी की लापरवाही हापला घाटी के 60 गांवों के लिए आफत का सबब बन गई है। गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग हापला घाटी सहित पोखरी ब्लॉक को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला मोटर मार्ग बीती 29 मई से बाधित है और विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का आलम यह है कि विभाग की ओर से यहां जेसीबी मशीन तो भेजी गई है, लेकिन मशीन में डीजल न होने से मोटर मार्ग खोलने का कार्य ठप पड़ा हुआ है।
मोटर मार्ग के बंद होने की स्थिति में ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए 20 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। ग्राम प्रधान सितोडा के भरत सिंह, धीरेंद्र सिंह व मुकेश सिंह बिष्ट का कहना है कि मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को समय के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
इधर, एडीबी के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार का कहना है कि बीते दिनों हापला क्षेत्र में हुई बारिश से मोटर मार्ग कई स्थानों पर बंद हो गया था। मोटर मार्ग को सुचारु करने के लिए मशीनें लगाई गई हैं। सितोडा में भी पत्थर और मलबा आने से मोटर मार्ग बाधित हुआ है। शुक्रवार तक मोटर मार्ग को सुचारु कर दिया जाएगा।