त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिले के सभी विकासखंडों में मतगणना का कार्य संपन्न होने पर जिला निर्वाचन विभाग ने राहत की सांस ली है। सोमवार देर रात तक विकासखंडों में मतगणना का कार्य पूरा किया गया। 495 ग्राम प्रधानों, 225 क्षेत्र पंचायत सदस्यों और 26 जिला पंचायत सदस्यों को रिटर्निंग ऑफिसर ने प्रमाणपत्र जारी किए। जिले के आठ गांवों में प्रधान पदों के लिए कोई आवेदन न होने से प्रधान की सीट खाली रह गई है।
जिले में ग्राम प्रधान के 610 पदों में 495 पर निर्वाचन हुआ, जबकि 107 ग्राम प्रधान पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हुए। ग्राम प्रधान के कई पदों पर प्रत्याशियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। घाट ब्लॉक के माणखी व चाका, दशोली ब्लॉक के टेड़ा-खंसाल और कर्णप्रयाग ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोटी में ग्राम प्रधान पद के दो उम्मीदवारों को बराबर मत मिलने पर लॉटरी के माध्यम से विजेता घोषित किए गए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य के 246 पदों में से 225 पर निर्वाचन हुआ, जबकि 20 क्षेत्र पंचायत सदस्य पहले ही निर्विरोध चुने गए और एक पद के लिए कोई आवेदन न होने से रिक्त है। क्षेत्र पंचायत चुनाव में जोशीमठ ब्लाक की उर्गम सीट पर हरीश सिंह परमार ने सबसे अधिक 936 मतों से जीत दर्ज की। ब्यूरो