गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ बाजार से लेकर बैजनाथ तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था न होने से जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक लग रहे जाम के कारण वाहन चालकों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों और निवासियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में वाहनों के लिए कोई निर्धारित पार्किंग स्थल नहीं है। इसके चलते लोग सड़क किनारे ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे पहले से संकरी सड़क और अधिक संकुचित हो जाती है। विशेष रूप से जीआईसी गेट, एसबीआई के सामने और मदिरा की दुकानों के पास स्थिति सबसे अधिक खराब रहती है। कई बार जरूरी सेवाओं के वाहन और एंबुलेंस भी इस जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन क्षेत्र होने के कारण यहां बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहता है। जाम में घंटों फंसे रहने के कारण पर्यटकों के बीच क्षेत्र की छवि खराब हो रही है, जिसका सीधा असर स्थानीय पर्यटन व्यवसाय पर पड़ने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लंबे समय से लंबित बाईपास मार्ग के निर्माण की मांग दोहराई है।
......कोट
जाम की समस्या से हर वर्ग प्रभावित है। स्कूली बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं और कामकाजी लोगों के दैनिक कार्य बाधित हो रहे हैं। इस समस्या का एकमात्र स्थाई समाधान बाईपास निर्माण है, ताकि भारी वाहनों को बाजार के बाहर से निकाला जा सके। - हरीश रावत, स्थानीय निवासी, फोटो 08 बीजीएस 02 पी
....कोट
बाजार में जाम का मुख्य कारण निजी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग है। वाहन स्वामी संकरी जगहों पर गाड़ी खड़ी कर घंटों गायब रहते हैं। पुलिस को अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की जरूरत है। - हरीश पांडेय, व्यवसाई, गरुड़ बाजार, फोटो 08 बीजीएस 03 पी
......कोट
बैजनाथ से गरुड़ तक जाम अब आम बात हो गई है। जब तक प्रशासन पार्किंग के लिए जगह चिह्नित नहीं करता और बाईपास का निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक जनता को इस मुसीबत से राहत नहीं मिलने वाली। - गंगा सिंह रावल, पूर्व सैनिक, फोटो 08 बीजीएस 04 पी