1.79 करोड़ की लागत से हो रहा है निर्माण
पर्यटन, स्वास्थ्य सहित श्रीनंदा देवी राजजात में मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। देवाल ब्लॉक के वाण में गांव में निर्माणाधीन हेलिपैड चार माह में बनकर तैयार हो जाएगा। हेलिपैड बनने से जहां पर्यटन गतिविधियों का लाभ मिलेगा वहीं दूरस्थ क्षेत्र में हेली एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा आगामी वर्ष 2026 में प्रस्तावित श्रीनंदा देवी राजजात में भी हेलिपैड का लाभ मिलेगा।
वाण गांव श्रीनंदादेवी राजजात का अंतिम आबादी वाला पड़ाव है। इसके बाद वेदनी सहित बुग्याली और निर्जन पड़ाव शुरू होते हैं। वहीं दूरस्थ इस गांव में यात्रा के दौरान गढ़वाल और कुमाऊं से अधिक संख्या में लोग पहुंचते हैं। यहां से पर्यटक आली, वेदनी, रूपकुंड सहित ब्रह्मताल, भीकलताल सहित कई पयर्टक स्थानों को पहुंचते हैं। अब इस वाण गांव में हेलिपैड का निर्माण हो रहा है और यह चार महीने में पूरा हो जाएगा। विधायक भूपाल राम टम्टा का कहना है कि इस हेलिपैड के निर्माण का लाभ राजजात में नहीं बल्कि दूरस्थ इस क्षेत्र में पर्यटन और तीर्थाटन का भी लाभ मिलेगा। इस हेलिपैड के बनने के बाद हेली एंबुलेंस का लाभ भी मिलेगा। वहीं लोनिवि थराली के एई जेके टम्टा ने कहा कि वाण में 1.79 करोड़ की लागत से बनने वाले इस हेलिपैड का निर्माण तेजी से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मार्च 2026 तक हेलिपैड का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।