मंत्री डा. धन सिंह रावत
- फोटो : File Photo
कोरोना संक्रमण के चलते प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत ने चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में रुद्रप्रयाग जिले में डॉक्टरों के रिक्त पदों की पूर्ति की जाएगी। साथ ही पैरामेडिकल स्टॉफ के रिक्त पदों पर आउटसोर्सिंग के जरिए नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए डीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाएगी। उन्होंने चमोली जिले के अस्पतालों में सभी रिक्त पदों पर स्थानीय स्तर से तीन महीने के लिए शीघ्र नियुक्ति करने के निर्देश दिए।
रुद्रप्रयाग में समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री डा. रावत ने सीएमओ को जिले के दोनों विधायकों के साथ चर्चा कर अस्पतालों में जरूरी सामग्री मुहैया कराने के निर्देश भी दिए। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि ड्रोन के जरिए गांव में होम क्वारंटीन की निगरानी हो रही है। विभिन्न राज्यों से जिले में आए 4039 लोगों की भी मॉनीटरिंग की जा रही है।
वहीं गोपेश्वर में जिले के आला अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सभी अस्पतालों को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित कोविड कंट्रोल रूम और जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्डों का निरीक्षण भी किया। जिला अस्पताल में फिजिशियन न होने की समस्या पर उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी।
उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई कोताही न बरते। रुद्रप्रयाग में हुई बैठक में विधायक भरत सिंह चौधरी, विधायक मनोज रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, एसपी नवनीत सिंह, सीडीओ एसएस चौहान, सीएमओ डा. एसके झा, गोपेश्वर में बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट, पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान, सीडीओ हंसादत्त पांडे, सीएमओ डा. केके सिंह, डिप्टी सीएमओ डा. एमएस खाती, जिला पूर्ति अधिकारी केएल शाह आदि मौजूद थे।