उत्तराखंड अब तक एक स्वर्ण के साथ पांच पदक जीत चुका
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्योतिर्मठ। जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में चल रही राष्ट्रीय शीतकालीन स्कीइंग प्रतियोगिता में उत्तराखंड ने तीन और पदक अपने नाम कर लिए हैं। इसके साथ ही अब तक उत्तराखंड के खिलाड़ी एक स्वर्ण के साथ कुल पांच पदक जीत चुके हैं।
जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में खेलो इंडिया के तहत राष्ट्रीय शीतकालीन खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। नौ से 12 मार्च तक होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड की 38 सदस्यीय टीम गई है। सोमवार को हुई प्रतियोगिता में उत्तराखंड ने तीन पदक जीते हैं जिसमें एक महिला वर्ग और दो पुरुष वर्ग में जीते हैं। प्रतियोगिता के तहत सोमवार को स्की माउंटेनियरिंग के महिला वर्ग में मेनका गुंज्याल ने कांस्य पदक जीता। जबकि पुरुष वर्ग में शार्दुल थपलियाल ने रजत और हिमांशु भंडारी ने कांस्य पदक हासिल किया। तकनीकी अधिकारी उत्तराखंड अजय भट्ट ने बताया कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत से यह सफलता मिल रही है।