पोखरी (चमोली)। वन्यजीवों के बढ़ते हमलों पर अंकुश लगाने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग के लिए उक्रांद कार्यकर्ताओं ने केदारनाथ वन प्रभाग के पोखरी रेंज कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने रेंजर कपिल गुसांई को ज्ञापन सौंपकर भालू सहित अन्य हिंसक वन्यजीवों के हमलों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सिदेली गांव में भालू के हमले में देवरानी-जेठानी की मौत के बाद ग्रामीणों में भय बना हुआ है। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को स्थायी रोजगार देने, संवेदनशील गांवों में पिंजड़े लगाने तथा नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई न होने पर उक्रांद ने क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर कमल किशोर डिमरी, पंकज पुरोहित आदि मौजूद रहे। संवाद