उत्तराखंड के वेडिंग डेस्टिनेशन संदेश को दी नई ऊंचाई
कर्णप्रयाग के प्रसिद्ध मां उमा देवी मंदिर में सादगी से रचाया विवाह
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। आधुनिक चकाचौंध और शाही खर्चों से दूर, देवभूमि की आध्यात्मिक छटा के बीच एक बेहद भावुक और प्रेरक विवाह हुआ। कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अलकेश नौडियाल और भिकियासैंण (अल्मोड़ा) की एसडीएम याक्षी अरोड़ा ने पौराणिक मां उमा देवी मंदिर के पावन प्रांगण में सात फेरे लेकर नवदांपत्य जीवन में प्रवेश किया। दो युवा प्रशासनिक अधिकारियों की इस सादगी ने जहां एक ओर समाज के सामने मिसाल पेश की वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के संकल्प को भी धरातल पर सशक्त किया है।
जहां आज लोग विवाह को यादगार बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च करते हैं वहीं दोनों अधिकारियों ने स्थानीय मंदिर और संस्कृति को चुनकर अपनी मिट्टी से जुड़ाव का भावुक संदेश दिया। पुजारी नरेश पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और वरमाला व फेरों की रस्में संपन्न कराईं। इस दौरान बेहद सीमित संख्या में परिजन और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। विवाह के बाद सोशल मीडिया से लेकर पूरे क्षेत्र में इस अनूठी पहल की जमकर प्रशंसा हो रही है। पुजारी नरेश पुजारी ने मंदिर की महत्ता बताते हुए कहा कि यह वही पौराणिक स्थल है जहां मां भगवती उमा ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था और सप्त ऋषियों ने उन्हें आशीर्वाद दिया था। ऐसे दिव्य स्थान पर बंधे इस अटूट बंधन को सभी ने भावपूर्ण शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सीओ त्रिवेंद्र सिंह राणा, तहसीलदार सुधा डोभाल, पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, सूचना अधिकारी धीरज कार्की, नगर पालिका ईओ नरेंद्र सिंह रावत, गौचर ईओ हेमंत चौहान, थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल, आरके दिपेन पंवार, अधिवक्ता रविंद्र पुजारी और अशोक डिमरी आदि मौजूद रहे।