कोरोना के लक्षण मिलने पर गौचर के क्वारंटीन सेंटर में भर्ती दो संदिग्ध मरीजों को डाक्टरों की टीम ने जिला अस्पताल गोपेश्वर रेफर कर दिया। जबकि बाहर से आए 12 युवकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया। कोरोना जांच टीम के प्रभारी डॉ. बीएस भंडारी ने बताया कि कोरोना संदिग्ध एक युवती और युवक को जिला अस्पताल गोपेश्वर के आइसोलेशन सेंटर भेजा है। हालांकि अभी तक इन दोनों में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं सीएचसी कर्णप्रयाग के स्वास्थ्य अधीक्षक डा. राजीव शर्मा ने बताया कि अभी तक जिले में बाहर से आए करीब 250 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
सीएचसी गौचर को बनाया क्वारंटीन सेंटर
गौचर। चमोली जिले की सीमा में बाहर से प्रवेश करने वाले लोगों को रखने के लिए सीएचसी गौचर में 15 वार्डों को आइसोलेशन वार्ड बनाया गया था। इस बीच अन्य जिलों और राज्यों से आने वाले लोगों की बढ़ती संख्या को देखने हुए स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें क्वारंटीन सेंटर में तब्दील कर दिया है।