देवाल। मुख्यालय के 10 ग्राम पंचायतों को दो माह से नहीं मिलने वाला राशन 25 फरवरी से मिलने लगेगा। जनवरी और फरवरी माह का 105 क्विंटल चावल व 77 क्विंटल गेहूं गोदाम में पहुंच गया है। जबकि 52 क्विंटल चावल सोमवार को पहुंचेगा। पूर्ति निरीक्षक के अवकाश पर होने और डीलर के क्षेत्र से बाहर होने के कारण दिक्कत आई थी।
एक फरवरी से देवाल के पूर्ति निरीक्षक अवकाश पर होने के कारण ब्लॉक के मुख्यालय के समीप की दस ग्राम पंचायत के उपभोक्ताओं को गेहूं और चावल नहीं मिला। मुख्यालय के सरकारी राशन की दुकान साधन सहकारी समिति के पास है। साधन सहकारी समिति की ओर से राशन की दुकान के संचालन के लिए डीलर रखा गया है। मगर वह क्षेत्र से बाहर था। उपभोक्ताओं की ओर से दो माह से राशन नहीं मिलने की शिकायत की गई तो साधन सहकारी समिति के गोदाम में गेहूं और चावल भेज दिया गया। अब 52 क्विंटल राशन आना बाकी है। साधन सहकारी समिति के सचिव भोला दत्त उनियाल ने बताया कि 10 ग्राम पंचायत को यहां से राशन दिया जाता है। समिति के गोदाम में गेहूं व चावल पहुंच गया है। अभी 52 क्विंटल राशन और मिलना है। आवश्यक काम के कारण राशन विक्रेता क्षेत्र से बाहर हैं। अब 25 से राशन का वितरण शुरू हो जाएगा।