कर्णप्रयाग। ब्लॉक के डिडोली की अंकिता तोपाल ने दिव्यांगता को मात देकर जेआरएफ परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर दूसरी रैंक हासिल की है। अंकिता की सफलता पर डिडोली सहित आसपास के लोगों ने खुशी जताई है।
डिडोली गांव निवासी प्रेम सिंह तोपाल आईटीआई में अनुदेशक हैं। प्रेम सिंह तोपाल की बेटी अंकिता दिव्यांग हैं और वह पैरों से लिखती हैं। अंकिता ने देवाल विकासखंड से 10वीं और ऋषिकेश से 12वीं करने के बाद देहरादून से उच्च शिक्षा पूरी की। उन्होंने इतिहास में पीजी किया और अब जेआरएफ में सफलता हासिल किया। अंकिता के पिता इन दिनों टिहरी जिले में तैनात हैं। पिता प्रेम सिंह तोपाल ने बताया कि अंकिता ने इस दिव्यांगता को अपनी कमजोरी नहीं बनाया। वह पढ़ने में अव्वल रहीं और दो बार नेट परीक्षा भी क्वालीफाई की। दो साल की तैयारी के बाद जेआरएफ की परीक्षा दूसरी रैंक के साथ पास की। अंकिता की सफलता पर पूर्व प्रधान भगवान कंडवाल, कपीरी संघर्ष समिति के अध्यक्ष खिलदेव रावत, महिपाल नेगी, राकेश नेगी, राजेंद्र नेगी, बृजेश बिष्ट और जीएस तोपाल आदि ने खुशी जताई। संवाद