पीपलकोटी के तेलाघाम तोक के पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपलकोटी। बदरीनाथ हाईवे पर तेलाघाम तोक के पास ओवरटेक करते समय दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दो यात्री और चालक गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय लोगों के साथ ही आरएसएस के स्वयंसेवकों ने घायलों को स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन पीपलकोटी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायल तीर्थयात्रियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष चमोली अनुरोध व्यास ने बताया कि रविवार को दोपहर ढाई बजे पीपलकोटी से करीब एक किलोमीटर दूर तेलाघाम तोक में ओवरटेक करते समय दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। पीपलकोटी की ओर से जा रही कार में सवार अंकिता तिवारी (24) पुत्री सुरेश तिवारी, निवासी वाराणसी, आदित्य शर्मा (26) पुत्र विपिन कुमार शर्मा, निवासी सर्वोदय नगर कॉलोनी, राधाकृष्ण मंदिर के पास, अलीगढ़, उत्तर प्रदेश तथा चालक सारी, ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग निवासी अमित (21) को गंभीर चोटें आईं। उन्हें विवेकानंद धर्मार्थ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं बदरीनाथ की तीर्थयात्रा कर लौट रहे तीर्थयात्रियों को कोई चोट नहीं आई है। बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है।